आजमगढ़। सुहागिन महिलाओं का व्रत तीज शुक्रवार यानी आज मनाया जाएगा। तीज को लेकर बृहस्पतिवार को बाजारों में रौनक रहा। खासकर शृंगार एवं महिला सौंदर्य प्रसाधन के दुकानों पर विशेष भीड़ देखी गई। जिले में इस बार तीज पर 50 लाख से अधिक का कारोबार रहा। वहीं व्यापारियों ने देर शाम तक और अच्छा होने की उम्मीद जताई। कारण कि बृहस्पतिवार तैयारियों का अंतिम दिन रहा।
महिलाओं का पर्व हरियाली तीज को लेकर बाजार में बृहस्पतिवार को रौनक दिख रही थी। शहर की दुकान से साड़ियों की खरीदारी जमकर हुई। पांच से लगायत 25 हजार तक की साड़ियां मार्केट में बिकीं। जिसे महिलाओं ने खूब खरीदा। इसके अलावा मॉल में भी महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही थी। हरियाली तीज व्रत का अंतिम दिन होने के कारण पूजन सामग्रियों की खरीदारी भी खूब हुई। पूजन सामग्रियों की दुकानों के अलावा फुटपाथ पर भी दुकानें सजी थी। जिसमें डलिया से लेकर पूजन की अन्य सामग्रियां बिक रही थी। महिलाएं अपने समर्थ के अनुसार खरीदारी की। तीज को लेकर ग्रामीण क्षेत्र से भी महिलाएं खरीदारी के लिए शहर पहुंची। तीज पर महिलाएं मेहंदी लगाती हैं। इसके लिए बाजार में शृंगार की दुकानों पर मेंहदी लगाने वाले लगाए गए थे। वहीं फल की दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली। तीज पर महिलाएं सोना-चांदी की भी खरीदारी करती हैं। जिसे लेकर ज्वैलरी के दुकानों पर भी भीड़ देखने को मिली। गुनगुन ब्यूटी पार्लर की प्रोपराइटर सुमन जायसवाल ने बताया कि तीज पर महिलाएं व्रत रखती हैं। पूजन को लेकर शृंगार की सामग्री लगती है। तीज पर इस बार भी अच्छा रहा। महिलाओं की भीड़ लगी रही।