आजमगढ़ । पुलिस लाइन में वामा सारथी पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित ''क्षितिज सप्ताह'' का सोमवार को भव्य समापन हुआ। सप्ताह भर चले इस आयोजन में पुलिस परिवार के बच्चों और प्रतिभागियों ने खेल, सांस्कृतिक और बौद्धिक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। 'क्षितिज सप्ताह' के दौरान डिबेट (वाद-विवाद), आशुभाषण, क्विज, गायन, चित्रकला, ताइक्वांडो और जिम्नास्टिक्स जैसी गतिविधियों के साथ ही 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, रिले रेस, डॉजबॉल और बैडमिंटन सहित कई इंडोर एवं आउटडोर प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। समापन समारोह में क्षेत्राधिकारी लाइन आस्था जायसवाल और प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा ने विजेता एवं उपविजेता प्रतिभागियों को पदक और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। ओवरऑल प्रदर्शन के आधार पर मरकरी टीम ने सर्वाधिक पदक जीतकर विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि अर्थ टीम उपविजेता और यूरेनस टीम तीसरे स्थान पर रही। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस परिवार के बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करते हैं। समारोह में पुलिस परिवार के बच्चे, अभिभावक और पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।