आजमगढ़। उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा मांगों के समर्थन में मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर जिलाध्यक्ष बालकेश दुबे के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने के बाद डीआईओएस को ज्ञापन सौंपा गया। धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि माध्यमिक शिक्षक संघ ही एक ऐसा संगठन है जो सेवारत के रुप में पूरे प्रदेश में जाना जाता है। शेष जो भी संगठन है उसमें सेवानिवृत्त कर्मचारी है, जो शिक्षक समस्याओं के प्रति उदासीन है। बल्कि गैर जिम्मेदार है। यह लोग संगठन के संवैधानिक स्वरुप को नष्ट करने में लगे है। कहा कि डीआईओएस डा.वीके शर्मा की कार्यशैली पारदर्शी और ईमानदार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश मंत्री शैलेश राय के नेतृत्व में आजमगढ़ के पदाधिकारी और शिक्षक अपनी समस्त समस्याओं को हल कराने का कार्य करें। उन्होंने पुरानी पेंशन को बहाल कराए जाने का संकल्प लिया। प्रदेश मंत्री शैलेश राय और जिलाध्यक्ष बालकेश दुबे ने कहा कि हर परिस्थिति में संगठन शिक्षकों की समस्याओं को निपटाने के लिए संकल्पबद्ध है। नेताद्वय ने पुरानी पेंशन को बहाल किए जाने और आयोग से चयनित शिक्षको को कार्यभार ग्रहण कराने एवं उनके वेतन भुगतान को समय से भुगतान कराए जाने का संकल्प लिया। प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य शेषनाथ मिश्रा और जिलामंत्री साकेत चतुर्वेदी ने कहा कि संगठन उनके साथ हर स्थिति में खड़ा रहेगा। मंडल अध्यक्ष सुनील राय और मंडल मंत्री दिनेश कुमार सिंह संगठन को मजबूत किए जाने पर बल दिया। जिला विद्यालय निरीक्षक ने शिक्षकों की समस्याओं का निस्तारण कराए जाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर तेरस यादव, बलवंत सिंह, ओपी मिश्रा, रमाकांत राय, गिरिजाशंकर राय, बलवंत कुमार श्रीवास्तव, दुर्गेश राय, अच्युदानंद राय, आयुष राय, शिवांशु राय, विवेक सिंह, राहुल राय, रामलखन यादव,अब्दुल हफीज आदि उपस्थित रहे।