आजमगढ़। सेना में भर्ती के लिए मोदी सरकार की नई योजना ‘अग्निपथ’ के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान शुक्रवार को बिहार और अन्य जिलों में कई ट्रेनों को आग लिया दिया गया। इसके अलावा कई ट्रेनों पर पथराव हुआ है। इसे लेकर रेल परिचालन ने शाहगंज-बलिया के बीच (05168) प्रति दिन चलने वाली पैसेंजर ट्रेन को शुक्रवार को लगभग डेढ़ बजे कंट्रोल द्वारा सभी स्टेशनों को सूचना दी गई कि पैसेंजर ट्रेन को निरस्त कर दिया गया है। वहीं आजमगढ़ से वाराणसी जाने वाली तमसा पैसेंजर को भी निरस्त कर दिया गया। ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। इसी बीच पुन: 3:47 बजे कंट्रोल द्वारा सभी स्टेशनों को सूचना दी गई कि शाहगंज-बलिया के बीच चलने वाली (05168) सवारी गाड़ी अपने निर्धारित समय पर चलेगी। ट्रेन के चलने की सूचना मिलते ही यात्रियों ने राहत की सांस ली। अग्निपथ को लेकर पूरे देश मे चल रहे आंदोलन और रेलवे स्टेशनों पर हुई आगजनी को देखते हुए पुलिस अलर्ट है। शुक्रवार को सुरक्षा की दृष्टि से दीदारगंज, खुरासन रोड, सरायमीर, फरिहा, रानीसराय, आजमगढ़, सठियांव आदि स्टेशनों पर पुलिस और रेलवे पुलिस के जवान रेलवे स्टेशनों पर मुस्तैद रहे। खुरासन रोड स्टेशन अधीक्षक उमेश कुमार ने बताया की शाहगंज-बलिया पैसेंजर को निरस्त किया गया था। लेकिन बाद में उसे चालू करने का संदेश प्राप्त होते ही चलाई गई। जो अपने निर्धारित समय से एक घंटा विलंब से चली।