पुलिस एवं परिवहन विभाग अवैध एवं ओवरलोडिंग चलने वाले वाहनों का अधिक से अधिक चालान करें। लगातार चेकिंग अभियान चलाकर मानक के विपरीत चलने वाले वाहनों पर कार्रवाई करें। उक्त निर्देश जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिलाधिकारी कहा कि माल वाहन, यात्री वाहन, बड़े वाहन तथा 14 व 18 टायर वाले बड़े वाहनों की ओवरलोडिंग को चेक कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। हाईवे पर वाहनों को अवैध तरीके से खड़ा करने पर तथा गलत दिशा में वाहनों के चलाने पर उनका चालान करें। प्राइवेट यात्री वाहनों के संचालन के लिए समय निर्धारित करें। यह देखें कि किसी भी दशा में सड़क के बीच में वाहन रोकर चालक सवारी न उठाएं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग प्रत्येक दिन किसी न किसी स्कूली वाहनों का फिटनेस चेक करें। किसी भी दशा में बिना फिटनेस के स्कूली वाहन को न चलने दें। इनकी विशेष चेकिंग की जाए व बिना मानक के चलने पर नोटिस दें। उन्होंने ट्रैफिक विभाग को हेलमेट एवं बिना कागज एवं लाइसेंस के चलने वालों का चालान करने को कहा।
पीडब्ल्यूडी को दुकानों के बैनर, प्रचार सामग्री, यूनी पोल एवं अवैध तरीके से लगे बोर्ड व होर्डिंग को तत्काल हटाने, सड़कों के अवैध कट को बंद कराने को कहा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता एवं अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, पीडब्ल्यूडी, परिवहन, पुलिस विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।