जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सुंदर सराय बल्लो गांव निवासिनी विवाहिता की बुधवार की सुबह संदिग्धावस्था में मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और घटना की बाबत जानकारी हासिल की। सुंदर सराय बल्लो गांव निवासिनी बृजवासी मौर्या 39 की शादी 20 साल पहले जयप्रकाश मौर्या से हुई थी। बुधवार की सुबह बृजवासी की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। ससुराल वालों ने घटना की सूचना मायके वालाें को फोन पर दी। मृतका के भाई देवकुमार मौर्या ने फोन से ही हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पर सूचना दी। सूचना परकोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। विवाहिता के शरीर व गले पर कहीं भी चोट आदि के निशान नहीं थे। परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार बृजवासी दमा की मरीज थी और उसका इलाज चल रहा था। बीमारी के चलते ही उसकी मौत हुई है। साक्ष्य के रूप में ससुराल वाले इलाज की पर्ची आदि भी दिखा रहे है। एसएचओ यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए सूचना दी है। पीएम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कोई कार्रवाई होगी। विवाहिता के एक पुत्र व दो पुत्री है।