बरदह। ठेकमा ब्लॉक के बरदह गांव में जल जीवन मिशन योजना के तहत आधा अधूरा काम छोड़कर ही कार्यदायी संस्था चली गई। कार्य स्थल पर साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया। दो माह बाद फिर पानी की सप्लाई शुरू की गई लेकिन नल में गंदा पानी आ रहा है। विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस तरफ ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जल जीवन मिशन योजना के तहत ठेकमा ब्लॉक का बरदह गांव भी चयनित है। गांव के प्रत्येक घर को नल से जोड़ना है। गांव में जल निगम ग्रामीण से नामित कार्यदायी संस्था ने काम शुरू किया। ट्यूबवेल की बोरिंग कराकर पानी की टंकी, पंप हाउस का निर्माण कराया, लेकिन आधे गांव में ही पाइप लाइन बिछाकर नल का कनेक्शन दे दिया गया। इसके बाद जब पानी की आपूर्ति शुरू हुई तो गुणवत्ता विहीन ओएचटी का निर्माण होने से रिसाव होने लगा। गांव निवासी अखिलेश तिवारी आदि ने अधूरी पाइप लाइन बिछाने, आधे गांव में ही नल कनेक्शन देने व ओएचटी में रिसाव होने की शिकायत उच्चाधिकारियों से की। इसके बाद भी न तो काम पूरा हुआ और न ही गांव के तोड़े गए मार्गों को सही कराया गया। ओएचटी में रिसाव सही कराने की जगह कुछ जगहों पर पाइप लाइन में रिसाव सही कराने की रिपोर्ट देकर विभाग ने शिकायत का निस्तारण कर दिया। शासन के निर्देश के बाद भी कार्यस्थल पर लागत का साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। दो माह बाद सप्लाई शुरू की गई लेकिन गंदा पानी आ रहा है। सोनू दुबे, संदीप यादव, आदर्श तिवारी, हेमंत, अखिलेश तिवारी, शिवकुमार आदि ने बताया कि अधूरा काम कर कार्यदायी संस्था चली गई है। गांव के मार्ग भी खराब हो गए हैं। विभाग के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
गांव में जो काम अधूरा रह गया है, उसे कार्यदायी संस्था से एक माह में पूरा कराया जाएगा। क्षतिग्रस्त मार्गों को भी जल्द बनाया जाएगा। पानी की टंकी में रिसाव को भी दुरुस्त कराया जाएगा। - हेमंत सिंह, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण।