आजमगढ़। कालेज प्रशासन की व्यवस्था से असंतुष्ट सगड़ी तहसील क्षेत्र के श्रीगांधी पीजी कालेज मालटारी के छात्र-छात्राएं शनिवार को सड़क पर उतर गए। छात्रों ने महाविद्यालय के गेट के सामने सड़क जाम कर कालेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्राचार्य के आश्वासन पर दो घंटे बाद जाम समाप्त किया।
श्रीगांधी पीजी कालेज मालटारी के छात्र-छात्राओं ने कालेज प्रशासन के विरुद्ध महाविद्यालय के गेट के सामने सड़क जाम कर धरना शुरू कर दिया। कालेज प्रशासन मुर्दाबाद, हमारी मांगें पूरी करो, छात्र एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए छात्र-छात्राएं अपनी मांगों पर अड़ गए। सूचना पर जीयनपुर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
छात्रों ने कहा कि कालेज के अंदर स्वच्छ पीने का पानी उपलब्ध नहीं है, छात्र-छात्राओं के लिए टूर का इंतजाम नहीं किया जा रहा। बीए प्रथम वर्ष के द्वितीय सेमेस्टर का परिणाम अब तक जारी नहीं हुआ। परिचय पत्र की फीस व लाइब्रेरी में छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था पर सवाल उठाए।
छात्रों के हंगामे को देखते हुए प्राचार्य डॉ. सुचिता श्रीवास्तव जीयनपुर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय के साथ बच्चों के बीच पहुंची। जहां उन्होंने व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद छात्र छात्राओं ने दो घंटे बाद सड़क से जाम को खत्म किया। इस दौरान सौरभ प्रताप सिंह, सुमित चौबे, अभिषेक सिंह, अवनीश यादव, गुलशन कुमार, विशाल कुमार, मनीष सोनकर, अजय कुमार, अरुण यादव आदि उपस्थित थे।