जहानागंज। नगर पंचायत जहानागंज बाजार क्षेत्र के मुख्य चौक से उत्तर मोहल्ला स्थित डायमंड क्लब की तरफ से स्थापित मां दुर्गा के पंडाल पर सोमवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब आरती के दौरान अचानक तीन-चार पत्थर के टुकड़े पंडाल के पास आ गिरे। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पंडाल क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे से की फुटेज की बारीकी से जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डायमंड क्लब के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटना पिछले वर्ष भी हुई थी, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता दोनों है। पुलिस ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।