आज़मगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय के कार्य परिषद की 15वीं बैठक सोमवार को कुलपति प्रोफेसर प्रदीप कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय परिसर में महाराजा सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे कार्य परिषद के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। महाराजा सुहेलदेव राजभर के नाम पर विश्वविद्यालय का नामकरण हुआ है, ऐसे में उनकी प्रतिमा का लगना विश्वविद्यालय के लिए गौरव की बात होगी। वहीं बैठक में मराठा साम्राज्य की समाज सेविका और महिला शिक्षा की अग्रदूत महारानी अहिल्याबाई होलकर की प्रतिमा स्थापित करने और महिला छात्रावास का नाम महारानी अहिल्याबाई होलकर महिला छात्रावास रखने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस दौरान आचार्य चाणक्य शोधपीठ की स्थापना का निर्णय लिया गया। बैठक में प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा पार्क की स्थापना करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में कार्य परिषद के सदस्य श्रीचंद शर्मा, प्रो. प्रेमचंद यादव, प्रो. शर्वेश पांडेय, प्रो. बृजेश कुमार, प्रो. ऋषिकेश सिंह, प्रो. जय सिंह, डॉ. ज्ञानप्रकाश वर्मा, जग नारायण झा आदि उपस्थित रहे। कुलसचिव विशेश्वर प्रसाद ने सभी सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित किया।