निकाय चुनाव के मतदान के लिए महज पांच दिन शेष हैं और बीएलओ द्वारा मतदाताओं को मतदान पर्ची वितरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। मतदाता पर्ची वितरण में एक बात सामने आई कि शहर के मातबरगंज वार्ड में निवास करने वाले सपा विधायक आलमबदी आजमी का नाम मतदाता सूची से गायब है जबकि उनके परिजनों के नाम सूची में अंकित हैं।
शुक्रवार को निकाय चुनाव में अध्यक्ष व सभासद पद के लिए चुनावी समर में उतरे प्रत्याशियों द्वारा लोगों से समर्थन मांगा जा रहा है। जब मतदाताओं के बारे में जानने के लिए मतदाता सूची को खंगाला गया तो सपा के वरिष्ठ नेता व निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित सपा विधायक आलमबदी आजमी का नाम गायब देख उनके परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। परिवार के मुखिया और जनप्रतिनिधि का नाम गायब देख परिवार के लोग हैरान रह गए। सपा विधायक आलम बदी का कहना है कि यह मानवीय भूल है। परिवार के लोगों ने ध्यान नहीं दिया लेकिन इस बार कोई बीएलओ भी नजर नहीं आया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसके बाद इस तरह के मामले की प्रशासन निगरानी करेगा। उन्होंने कहा कि एक बार हमें याद है कि राष्ट्रपति भी वोट नहीं दे सके तो हम तो एक विधायक हैं। वहीं इस संबंध में एसडीएम ज्ञानचंद का कहना है कि इस मामले का उन्होंने परीक्षण कराया है। उनका नाम पहले ही इस मतदाता सूची में नहीं था और दर्ज करने के लिए कोई एप्लीकेशन भी नहीं आया था। इसलिए उनका नाम नगर पालिका आजमगढ़ की सूची में दर्ज नहीं है। विधायक सगड़ी तहसील के बिंदवल के मूल निवासी हैं वहां के ग्राम पंचायत में उनका नाम दर्ज है। गोपालपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में भी दर्ज है। इसलिए नगर पालिका में उनका नाम दर्ज होने का सवाल ही नहीं है।