रानी की सराय। रानी की सराय के चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसपी ग्रामीण ने छात्र-छात्राओं को सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। उन्होंने न केवल जिंदगी में सफल होने के मंत्र दिए बल्कि साइबर क्राइम के खतरों से सावधान भी किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने में सावधानी जरूरी है। भूल से भी निजी जानकारी इस पर शेयर नहीं करनी चाहिए। बतौर मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक ग्रामीण राहुल रुसिया ने कहा कि कोई भी बदनाम करने की धमकी देता है तो उससे डरें नहीं, बल्कि साइबर क्राइम सेल या हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करें। लॉटरी निकल आई है या कोई इनाम जीत गए हैं, इस तरह की आने वाली कॉल पर बिल्कुल भरोसा न करें। इससे ठगी के शिकार हो सकते हैं। उन्होंने हेल्प लाइन नंबर के बारे में भी जानकारी दी। साइबर सेल के प्रभारी सतेंद्र यादव ने साइबर अपराध से जुड़ी जानकारियां दी। उन्होंने साइबर क्राइम से बचाव के तरीके भी बताए। कहा कि टेलीफोन कॉल पर एटीएम व बैंक अकाउंट संबंधी जानकारी जैसे ओटीपी, सीवीवी नंबर आदि किसी से साझा न करें। एटीएम बूथ में ट्रांजेक्शन करने जाएं तो ध्यान रखें कि वहां कोई अंजान व्यक्ति मौजूद न हो। ट्रांजेक्शन के समय अपने पिन नंबर को छिपा कर अंकित करें। प्रक्रिया पूरी होने पर ही बूथ को छोड़ें। सभी अकाउंट के लिए एक पासवर्ड न रखें। पासवर्ड में विशेष अक्षर, गिनती होनी चाहिए। जन्मतिथि, नाम, मोबाइल नंबर किसी को शेयर न करें। बार-बार पासवर्ड बदलते रहना चाहिए। अनजान व्यक्ति को सरकारी योजना के लिए आधार व खाता का नंबर न दें। क्यूआर कोड या पेमेंट लिंक भेजता है, तो उसकी जांच किए बगैर भुगतान न करें। फेसबुक, इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट आती है तो बिना सत्यापन के स्वीकार न करें। किसी भी एप्लीकेशन को इंस्टाल करते समय उसकी नीति के बारे में जानकारी कर लें। एनी डेस्क या टीम व्युअर, क्विक सपोर्ट आदि के एप्लीकेशन डाउनलोड करने से बचना चाहिए। आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के मैनेजर मोहम्मद नोमान ने अतिथियों का आभार जताया। कार्यक्रम में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं के अलावा प्रिंसिपल हुमा वसीम और रिचा मिश्रा आदि मौजूद थीं।