आजमगढ़। मिलावटखोर दूध में सोडा, पनीर में रिफाइंड तेल मिला रहे हैं। मसाला, टॉफी और चायपत्ती के नमूने की जांच में रंग पाया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए नमूनों की जांच रिपोर्ट आई तो यह पता चला है। सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वितीय सुनील कुमार मिश्रा ने बताया कि टीम ने साल 2025-26 में 2656 दुकानों का निरीक्षण किया था। इस दौरान 702 नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए लैब में भेजा गया। जांच के बाद 629 नमूनों की रिपोर्ट आई तो 302 नमूनों में मिलावट पाया गया। वहीं, 67 नमूने स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित पाए गए। 19 नमूने मिथ्या ब्रांड के पाए गए। पुराने और नए मामले दोनों को मिलाकर विभाग ने 314 प्राथमिकी एडीएम प्रशासन की कोर्ट में और 60 प्राथमिकी एसीजीएम कोर्ट में दाखिल किया। एडीएम ने सुनवाई के बाद 338 मामले में फैसला सुनाते हुए कारोबारियों पर 61.46 लाख का जुर्माना लगाया। वहीं, एसीजीएम कोर्ट से तीन मामले में तीन दोषियों को तीन-तीन महीने की कारावास और 11-11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।