यूपी एसटीएफ की वाराणसी यूनिट की ओर से बृहस्पतिवार की शाम गिरफ्तार किया गया बाहुबली विधायक रमाकांत यादव का पौत्र व 25 हजार का इनामी मृगांक मनबढ़ किस्म का शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ फूलपुर व दीदारगंज थाने में छह मुकदमे दर्ज हैं। एक मामले में उस पर एसपी ने 25 हजार का इनाम घोषित था। गिरफ्तार मृगांक यादव उर्फ टाइगर के खिलाफ दर्ज केसों में 19 फरवरी 2023 का मुकदमा भी शामिल है। इसमें वादी बबलू गौतम ने बताया कि वह परिवार के साथ किसी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। लौटते समय उसकी गाड़ी मृगांक की गाड़ी से सट गई थी। उसे लेकर मृगांक व उसके लोगों ने उसकी पिटाई कर घायल कर दिया था। जान से मारने की धमकी भी दी थी। मृगांक यादव उर्फ टाइगर बाहुबली विधायक रमाकांत यादव के भाई लल्लन यादव का पोता व पूर्व भाजपा विधायक अरुणकांत यादव का चचेरा भतीजा है। मृृगांक की मां अर्चना यादव पत्नी स्व. वीरेंद्र यादव फूलपुर ब्लाक की पूर्व प्रमुख रह चुकी हैं। निरीक्षक एसटीएफ अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सूचना पर टाइगर की गिरफ्तारी बिलारमऊ-कटार मोड़ से की गई है। उसके पास से 54 हजार रुपये, दो मोबाइल फोन, चार एटीएम कार्ड, चार पहिया वाहन व राइफल का लाइसेंस बरामद किया है। फूलपुर कोतवाली लाए जाने पर उसके समर्थक भी जुट गए थे और छुड़ाने का दबाव बना रहे थे लेकिन एसटीएफ व फूलपुर कोतवाली पुलिस ने मृगांक का चालान कर दिया।