आजमगढ़। सिंगल यूज प्लास्टिक पर भले ही प्रतिबंध लग चुका है लेकिन आज भी धड़ल्ले से इसका प्रयोग जारी है। छह सात दिन जागरूकता कार्यक्रम व इतने ही दिन छापा मारकर पॉलीथिन की बरामदगी का अभियान चलाने के बाद जिम्मेदार जैसे मौन हो गए है। पूर्व की भांति इस बार पालीथिन पर प्रतिबंध का अभियान हवा-हवाई ही साबित हो रहा है। जिसका परिणाम है कि आज भी लोग इसका प्रयोग कर रहे है। केंद्र सरकार ने एक जुलाई से पूरे देश में सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण व उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक जुलाई के दो-तीन दिनों पहले से ही आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट, कुंवर सिंह उद्यान के साथ ही सभी नगर पालिका व नगर पंचायतों द्वारा अभियान चला कर आम जनता को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया गया और शपथ भी दिलायी गई। इसके बाद छह से सात दिनों तक नगरीय निकायों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चक्रमण किया और छापेमारी कर प्लास्टिक की बरामदगी करने के बाद जुर्माना भी लगाया। मात्र एक पखवारे में ही केंद्र सरकार के पालीथिन प्रतिबंध पर प्रतिबंध की जिले में धज्जियां उड़ने लगी। धड़ल्ले से इसका उपयोग हो रहा है। वहीं प्रतिबंध को सफल बनाने में लगाए गए जिम्मेदार पूरी तरह से मूकदर्शक बने हुए है। ठेला, खोमचा ही नहीं सब्जी व किराना की दुकानों पर भी पालीथिन की झिल्लियां उपलब्ध है और दुकानदार ग्रहकों को इसमें सामान दे रहे है। सड़कों पर आम जनता को भी पालीथिन की झिल्लियों में सामान ले जाते हुए आसानी से देखा जा सकता है।
जागरूकता को लेकर आयोजित हुए थे विविध कार्यक्रम
आजमगढ़। सिंगल यूज पालीथिन पर प्रतिबंध केंद्र सरकार ने एक जुलाई से लगाया है। इसके चार-छह दिन पूर्व से ही जागरूकता को लेकर विविध कार्यक्रम जिले में आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को शपथ दिलाया तो वहीं नगरीय निकायों द्वारा विविध स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को शपथ दिलाया गया। इतना ही नहीं नगर पालिका परिषद आजमगढ़ द्वारा तो आम जनता में झोले का भी वितरण किया गया। लाउडस्पीकर से लोगों से पालीथिन का प्रयोग न करने की अपील भी की गई। इतना ही नहीं कूड़े के ढेर से भी पालीथिन एकत्र कराया गया। लेकिन एक पखवारे में ही सिंगल यूज प्लास्टिक अभियान की जिले में हवा निकल गई है।
एडीएम का फरमान भी साबित हुआ हवा-हवाई
आजमगढ़। एडीएम वित्त एवं राजस्व/प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय आजाद भगत सिंह ने व्यापारियों के साथ बैठक कर सिंगल यूज प्लास्टिक (पालीथिन) के प्रयोग को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिया था। एडीएम ने व्यापारियों से कहा था कि प्रत्येक दुकानों पर बैनर लगवाएं जिस पर लिखा हो कि कृपया झोला साथ लेकर आए। लेकिन एडीएम का यह फरमान भी पूरी तरह से हवा-हवाई ही साबित हुआ। किसी भी दुकान पर सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ स्लोगन लिखा पोस्टर अथवा बैनर अब तक देखने को नहीं मिला है। एडीएम वित्त एवं राजस्व/प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय आजाद भगत सिंह ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध को लेकर अभियान ठप नहीं हुआ है। पूरे जिले में अभियान चला कर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार से बड़े स्तर पर अभियान की शुरूआत होगी। निश्चित तौर पर जहां से पालीथिन बरामद होगा उसके खिलाफ जुर्माना लगाने के साथ ही अन्य कार्रवाई की जाएगी।