पुरानी सब्जी मंडी स्थित सीकड़ी चंद्र मंदिर में चल रही 15 दिवसीय श्रीमद्भागवत रामकथा में श्रीराम
अहरौला। श्रीनागा बाबा मौजी उदासीन आश्रम, करनपुर में 17 मई से अधिमास पर शुरू हुए अखंड श्रीरामचरितमानस पाठ पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण के साथ संपन्न हुआ। आश्रम में सात जून से चल रहे श्रीराम कथा एवं रुद्र महायज्ञ के तहत 14 जून रविवार को नवनिर्मित नर्मदेश्वर शिवलिंग, हनुमान एवं नंदी महाराज की मूर्तियों की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की गई। यह कार्य यज्ञाचार्य पं. हरिकेश चौबे ने वैदिक विधि-विधान से संपन्न कराया। कथा वाचक ललित नारायण गिरी ने रामचरितमानस की महिमा पर प्रकाश डाला। कहा कि भगवान श्रीराम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। उनके आदर्शों का अनुसरण करने से समाज में रामराज्य की स्थापना संभव है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति अपने जीवन में राम के चरित्र को आत्मसात कर ले तो समाज में आदर्श व्यवस्था स्थापित हो सकती है। मूर्ति स्थापना पर आश्रम के महंत नारायण दास ने विधिवत अभिषेक कर पंचगव्य से स्नान कराने के बाद प्राण-प्रतिष्ठा कराई। इसके बाद आश्रम में ‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य विजय बहादुर सिंह, पंकज चौबे, विजय सिंह, दिनेश, बबलू शुक्ला आदि रहे।