निजामाबाद। नगर पंचायत निजामाबाद के साथ ही आसपास के छोटी- बड़ी बाजारों में प्रशासन द्वारा साप्ताहिक बंदी का दिन निर्धारित किया गया है। इन क्षेत्रों में शनिवार को बंदी का फरमान है। आलम यह है कि साप्ताहिक बंदी के दिन भी कई दुकानदार अपनी दुकानों को खोले रखते हैं। बंदी न होने से व्यापारियों में काफी आक्रोश व्याप्त है। निजामाबाद सहित आसपास के बाजारों में शनिवार के दिन बंदी निर्धारित की गई है। सप्ताह में एक दिन की बंदी होने से व्यापारी व इनके यहां काम करने वाले लोग अपना दूसरा काम कर लेते हैं क्योंकि शनिवार को निजामाबाद बंद रहता है और आजमगढ़ खुला रहता है। निजामाबाद में शनिवार को बंदी होने से अपने हर छोटे बड़े कार्य लोग निपटा लेते हैं। निजामाबाद में बंदी का यह फरमान कुछ ही दिन तक चल सका। श्रम विभाग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण जो दुकान बंदी के दिन खुलनी नहीं चाहिए वह भी अब खुलने लगी है। निजामाबाद में कुछ दुकानदारों द्वारा बंदी का पालन न करने से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।