जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद बाजार स्थित केशवपुर पुलिया के नीचे शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव निकलवाया और शिनाख्त की कवायद में जुट गई। घंटों प्रयास के बाद भी मृतक की पहचान न होने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
आजमगढ़ गोरखपुर मुख्य मार्ग पर अंजनशहीद बाजार के पास केशवपुर पुलिया है। इसी पुलिया के नीचे शुक्रवार को बैठे हुए हालत में लगभग 32 वर्षीय युवक का शव ग्रामीणों ने देखा। देखने से शव लगभग सप्ताह भर पुराना प्रतीत हो रहा था। दुर्गंघ उठने पर ग्रामीणों को अंदेशा हुआ तो उन्होंने खोजबीन शुरू किया। पुलिया के नीचे शव देखते ही ग्रामीणों के होश उड़ गए। आनन-फानन में सूचना जीयनपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर सीओ सगड़ी महेंद्र शुक्ला, जीयनपुर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय मयदल बल मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए मौके पर बुलाया गया। घंटों प्रयास के बाद भी शव का पहचान नहीं हो सका। जिस पर पुलिस ने शव को अज्ञात में पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवा दिया। शव मिलने की सूचना पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई थी।