पवई व दीदारगंज थाना क्षेत्र में जहरीली शराब कांड में करीब एक दर्जन बच्चे प्रभावित हुए हैं। इसे लेकर चाइल्ड लाइन ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को 11 बच्चों की सूची उपलब्ध कराते हुए मदद देने की मांग की है। जनपद के पवई व दीदारगंज थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से मित्तूपुर, बलाईपुर व अंबेडकर नगर जनपद के उसरहा गांव में कुल 11 बच्चों के पिता की मृत्यु हो गई है। इसे लेकर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ने जिला बाल संरक्षण अधिकारी बीएल यादव को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि मौके पर जाकर सूची के आधार पर सत्यापन किया जाए और उचित होने पर उन्हें हर संभव मदद दी जाए। जिला प्रोबेशन अधिकारी एवं बाल संरक्षण अधिकारी बीएल यादव ने बताया कि जो सूची मिली है उनमें बच्चों के पिता की मृत्यु हुई है। बाकी के परिवार के लोग अभी हैं। ऐसे में यह बच्चे अनाथ की श्रेणी में नहीं आएंगे। जहां तक रही बात मदद की तो शासन से आदेश मिला है कि कोरोना संक्रमण से जिन बच्चों के माता व पिता की मृत्यु होती है उन्हें मदद दी जाएगी। अभी तक जिले में ऐसे किसी भी बच्चे के अनाथ होनी की सूचना नहीं है।