आजमगढ़। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में सोमवार की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में शासन की प्राथमिकता वाले 50 लाख से ऊपर के निर्माण कार्याें की समीक्षा की गई। निर्माण की प्रगति धीमी देख डीएम ने नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय से पहले गुणवत्तापरक निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने थान कंधरापुर और थाना रौनापार, महराजगंज, अतरौलिया व अहिरौला में बैरक बनाने सहित अन्य कार्यों की समीक्षा की। कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग को कार्य समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया। 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ में बैरक और विवेचना कक्ष के निर्माण में देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। डीएम ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग से संबंधित परियोजनाओं को समय से पूर्ण किया जाए।
महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय आजमगढ़ की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था निर्माण खंड-5 लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। अटल आवासीय विद्यालय गंभीरवन आजमगढ़ का निर्माण कार्य समय से पूर्ण कराएं। वहीं हरिऔध कला केंद्र की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था लोक निर्माण खंड दो व पांच सहित सभी के कार्यों की समीक्षा की। साथ ही जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्य समय पूर्ण करने के लिए आदेशित किया जाए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, जिला विद्यालय निरीक्षक उमेश कुमार त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह, डीईएसटीओ आरडी राम एवं समस्त कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता व प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।