जीयनपुर कोतवाली के धनछुला में स्थित एक निजी विद्यालय के सुरक्षाकर्मी को कुछ लोगों ने मारा पीटा और उसकी दोनाली बंदूक तोड़ दी। विद्यालय के प्रबंधक ने सुरक्षा कर्मी पर हमला करने और मारपीट कर बुरी तरह से घायल करने पर पांच लोगों के खिलाफ बृहस्पतिवार को नामजद मुकदमा दर्ज कराया। दोहरीघाट मार्ग पर सैक्रेड हार्ट स्कूल है। विद्यालय बंधक हरिकृष्ण बरनवाल ने बुधवार को तहरीर में बताया कि विद्यालय का सुरक्षाकर्मी हृदय नारायण सिंह 12 जुलाई को ड्यूटी पर थे। उसी समय पांच लोग लाठी, डंडा और लोहे की राड लेकर जबरन विद्यालय में घुसने लगे। सुरक्षा कर्मी ने रोका तो उसे मारपीट कर घायल कर दिया साथ ही उसकी दोनाली बंदूक भी तोड़ दी। सुरक्षाकर्मी को मरणासन्न स्थिति में छोड़कर जान मारने की धमकी देते हुए चले गए। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि प्रबंधक की तहरीर पर शिव प्रकाश उर्फ नेपाली, रामप्रकाश उर्फ कल्लू, सिद्धार्थ, अशोक सिंह उर्फ डब्लू तथा एक अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।