चरमराई बिजली व्यवस्था से क्षुब्ध क्षेत्र के लोगों ने लगभग सभी बाजारों को पूरी बंद कर जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। लगभग 15 किमी बाइक जुलूस के बाद नाराज लोगों ने पकड़ी चौक पर सत्याग्रह शुरू कर दिया। बाद में एसडीएम और एसडीओ के आश्वासन देने पर तीन घंटे बाद लोगों ने प्रदर्शन खत्म किया।
क्षेत्र में दो सब स्टेशनों रेड़हा व गोपालगंज से बिजली की सप्लाई होती है। यहां बिजली सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है। ऐसे में दिन में दुकानदारी प्रभावित है तो रात में बिजली न होने के चलते लोगों की नींद खराब हो रही है। बार-बार की शिकायत के बाद भी बिजली विभाग समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। वहीं कप्तानगंज अहरौला मार्ग भी वर्षो से खराब पड़ा है। रास्ते में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए है। जिसके चलते लोग परेशानी उठा रहे हैं। समस्याओं को लेकर मंगलवार को क्षेत्रीय लोगों के साथ ही व्यापारी आंदोलित हो गए। कस्बा समेत आसपास के सभी बाजारों के व्यापारी अपनी-अपनी दुकाने बंद कर बाजार में एकत्र हुए। इसके बाद जिला पंचायत सदस्य विजय बहादुर सिंह व हरिकेश यादव के नेतृत्व में बिजली व सड़क को लेकर बाइक जुलूस निकाला गया। बाइक जुलूस अहरौला से निकलकर फुलवरिया, मदियापार, मड़ना आदि बाजार होते हुए 15 किमी लंबा रास्ता तय कर पकड़ी चौक पहुंचा और लोग सत्याग्रह पर बैठ गए। सत्याग्रह को भाजपा नेता कन्हैया निषाद ने भी समर्थन दिया।
जानकारी पर एसडीएम बूढ़नपुर प्रशांत कुमार व पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा जयनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को सड़क निर्माण के लिए पत्र लिखने का आश्वासन दिया। वहीं बिजली समस्या के निदान को लेकर एसडीओ अवधेश यादव ने बताया कि रेड़हा सब स्टेशन के लिए 10 एमबीए का ट्रांसफार्मर पास हो गया है। सितंबर माह तक बिजली व्यवस्था दुरूस्त हो जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन पर लगभग तीन घंटे बार सत्याग्रह समाप्त हुआ। इस दौरान विजय बहादुर सिंह, अभिषेक उपध्याय, हरिकेश यादव, अनिल सिंह, पारस यादव, लक्ष्मी चौबे व हजारों की संख्या में व्यापारी व आमजन मौजूद रहे।