लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के बेलकुंडा गांव निवासी संजय मिश्र इथोपिया में पांच साथियों के साथ फंस गए हैं। जिस कंपनी के लिए वह काम करने के लिए गए थे उस कंपनी के मालिक ने बकाया पैसा मांगने पर उनके पासपोट्र और बीजा को अपने कब्जे में ले लिया है। सोशल मीडिया के जरिए उन्होंने अपने परिवार को इस बात की जानकारी दी। भारतीय दूतावास और नाइजीरिया दूतावास की बीच बातचीत जारी है। जिससे परिवार के लोग आश्वस्त हैं। संजय मिश्रा के साथ निजामाबाद थाना क्षेत्र के चंदाभारी गांव निवासी राजबहादुर चौबे और महराजगंज थाना क्षेत्र के जूड़ारामपुर गांव निवासी संदीप के अलावा झारखंड, हरियाणा व बलिया के एक-एक मैकेनिक फंसे हुए हैं। इनको प्रीति मशीनरी गाजियाबाद ने इथोपिया के दुक्कम शहर में टडास स्टील कंपनी में मशीनरी की फिटिंग के लिए पांच माह पहले भेजा था। तीन माह के एग्रीमेंट पर यह लोग गए थे। काम पूरा करने के बाद जब यह लोग भारत आना चाहे तो स्टील कंपनी के मालिक से अपने बकाया धनराशि की मांग की। मालिक ने पैसा देने की बजए उनका पासपोर्ट जब्त करते हुए सभी को बंधक बना लिया। कंपनी के मालिक ने कहा कि तुम लोग चले जाओगे तो हमारे प्लांट को कौन चलाएगा। संजय मिश्रा के भाई सुनील मिश्रा ने बताया कि दोनों देशों के दूतावासों के बीच बात चल रही है। जल्द ही उनके घर आने की उम्मीद है।