जहानागंज/रानी की सराय । थाना क्षेत्र में इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाह जोरों पर है। इससे स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति प्रभावित हो रही है। सरकारी हो अथवा प्राइवेट स्कूल, अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल क्या घर के बाहर भेजने से भी कतरा रहे। वहीं पुलिस अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए लोगों को जागरूक करने में लगी है।
इस बाबत पूछने पर एसओ जहानागंज प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चा चोरी की बात पूरी तरह से अफवाह है। ऐसे में सभी अभिभावकों से अपील है कि बच्चों को स्कूल भेजें। इस तरह की अफवाह फैलाने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई भी होगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस कर्मियों की दस टीम बनायी गई हैं जो क्षेत्र में भ्रमण कर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखेंगी। वहीं प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लाक अध्यक्ष अनिल सिंह ने भी कहा कि बच्चा चोरी की बात पूरी तरह से अफवाह है। उन्होंने प्रधानाध्यापकों से कहा कि अभिभावकों को बुला कर मीटिंग करें और उन्हें इस बाबत जागरूक करें।
रानी की सराय। बच्चा चोरी की अफवाहों को मद्देनजर पुलिस ने कई गांवों में जाकर लोगों को जागरूक किया। थाना प्रभारी नंद कुमार तिवारी ने बताया कि शनिवार को पुलिस की टीमों ने दर्जनों गांवों में जाकर लोगों को जागरूक किया। बिना पुष्टि के किसी के साथ मारपीट व हिंसा न की जाए। सोशल मीडिया पर भी इस प्रकार की सूचनाओं को फारवर्ड या शेयर न करें। इस संबंध में पुलिस द्वारा सतर्क दृष्टि रखी जा रही है। भ्रमण में एसआई चंद्रशेखर सिंह, सिपाही मुलायम यादव सहित अन्य लोग शामिल थे।