थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर-नियामतपुर लिंक मार्ग स्थित ईंट भट्ठे के पास रविवार की सुबह पुलिस मुठभेड़ हो गई। जिसमें शातिर अपराधी पुलिस की गोली से घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। वह शहर के रोडवेज क्षेत्र में तीन जुलाई को हुई लूट की घटना में भी शामिल था। उसके पास से पुलिस ने 45200 रुपये नकद, मोबाइल, तमंचा कारतूस व बाइक बरामद किया। थाना पुलिस सुबह वांछितों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रोडवेज क्षेत्र में लूटकांड का एक आरोपी व थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी चंद्रजीत उर्फ पत्तर मुहम्मदपुर-नियामतपुर लिंक मार्ग से होकर कहीं जाने वाला है। जिस पर पुलिस टीम ने वहां घेरेबंदी कर ली। पुलिस से घिरते ही बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जिस पर पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली बदमाश के बाएं पैर में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा-कारतूस, बाइक व 45200 रुपये बरामद किया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन जुलाई को रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस लिमिटेड के एजेंट प्रमोद कुमार निवासी रानीपुर थाना मुबाकरपुर से रोडवेज क्षेत्र स्थित शॉपिंग मॉल के पास से 7.11 लाख की लूट हुई थी। घटना पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी।खुलासे को लेकर पुलिस की चार टीमें लगी थीं। 13 जुलाई को पुलिस ने बाग लखराव पुल के पास मुठभेड़ में दो बदमाशों को पकड़ा था। अगले ही दिन 14 जुलाई को पुलिस ने मनचोभा-मोजरापुर इलाके में मुठभेड़ के दौरान दो और बदमाशों को पकड़ा। शनिवार को पुलिस ने लूटकांड के दो आरोपियों को जजी मैदान के पास से पकड़ा। जिसमें पास से 31 हजार रुपये बरामद हुआ। मुठभेड़ में घायल बदमाश चंद्रजीत पर हत्या के प्रयास, लूट समेत 18 मुकदमें दर्ज हैं। पुलिस मुठभेड़ में घायल चंद्रजीत यादव माफिया मुख्तार अंसारी के शूटर सत्यनराण का खास है। पुलिस के अनुसार, 17 मार्च 2023 को मेंहनगर थाना पुलिस की हटवा डीहा गांव के पास बाइक सवार बदमाशों से मुठभेड़ हुई थी। जिसमें माफिया मुख्तार का शूटर सत्यनरायण उर्फ झीनक पुलिस की गिरफ्त में आया था। दूसरा बदमाश चंद्रजीत यादव था जो पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। जिसे रविवार को पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया।