आजमगढ़। इस वर्ष कोरोना के चलते यात्री ट्रेनें बंद होने का रोडवेज को पूरा फायदा मिल रहा है। यही वजह है कि इस वर्ष दीपोत्सव के मौके पर रोडवेज ने 51.08 लाख की कमाई की है। दिवाली प्रोत्साहन योजना खत्म होने के साथ कर्मियों को शेड्यूल के तहत अवकाश मिलना भी शुरू हो गया है। अच्छा काम करने वालों की सूची तैयार हो रही है। इन्हें इनामी राशि देकर निगम के अफसरों द्वारा सम्मानित भी किया जाएगा। आजमगढ़ परिक्षेत्र से 400 से अधिक बसें संचालित हो रही हैं। निगम के अफसरों ने आमदनी को बढ़ाने व यात्रियों को सुविधा देने के लिए 12 नवंबर से 22 नवंबर तक दिवाली प्रोत्साहन योजना लागू की थी। इस अवधि में चालक-परिचालक और कार्यशाला के कर्मियों के अवकाश पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इस वर्ष डिपो ने दीपोत्सव पर पिछले वर्ष की अपेक्षा 51.08 लाख रुपये अधिक की कमाई की है। अच्छी आय से डिपो के अधिकारी काफी खुश हैं। नियत अवधि में किलोमीटर का लक्ष्य पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को ईनामी राशि भी दी जाएगी। आरएम अतुल त्रिपाठी का कहना है कि इस वर्ष दीपोत्सव पर आमदनी पिछले वर्ष की अपेक्षा अच्छी रही है।