अनुज गुप्ता ।-कप्तानगंज,सड़क दुर्घटना में मृतक युवक की फाइल फोटो
- फोटो : AZAMGARH
कप्तानगंज। कस्बे में रविवार की रात सड़क पर टहल रहे युवक को बूढ़नपुर की तरफ से आ रहे ट्रक ने रौंद दिया। युवक गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। कस्बा निवासी 26 वर्षीय अनुज गुप्ता रविवार की रात खाना खाने के बाद सड़क किनारे टहल रहा था। इसी दौरान बूढ़नपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और रौंदते हुए निकल गया। हादसे में युवक गंभीररूप से घायल हो गया। उसके सिर में चोट आई थी। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना घर पहुंची तो परिजन बिलखने लगे। मृतक चार भाईयों में सबसे छोटा था और कस्बा स्थित अपनी दुकान पर भाईयों के साथ बैठता था। उसके पिता उसके बचपन से ही लापता है। बड़े भाई अतुल ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।