आजमगढ़। मुख्य विकास अधिकारी ने पिछले एक साल में किए गए अपने निरीक्षण की रिपोर्ट मांगी है। साथ ही कहा है कि निरीक्षण में दिए गए निर्देश में अब तक क्या कार्रवाई हुई इसकी वस्तुस्थिति भी प्रस्तुत करें। कहा कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संबंधित की जिम्मेदारी तय होगी। मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला प्रत्येक सप्ताह में ग्रामीण क्षेत्रों में निरीक्षण कर संबंधित को सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। साथ ही दोषी मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर एफआईआर व रिकवरी के भी आदेश दिए थे। यह प्रक्रिया पिछले कई साल से चल रहा है। इधर बीच उनके द्वारा कई गांवों का निरीक्षण किया गया। जिसमें कई अनियमितताएं मिली। जिसे सुधार करने के साथ ही कार्रवाई के लिए संबंधित को निर्देश दिए थे। साथ ही एक कॉपी अपने यहां प्रस्तुत करने के लिए कहा था। विकास भवन के संबंधित पटल के बाबू द्वारा भी इसमें अनियमितता की गई। एक फाइल को दूसरे कक्ष में जाने के लिए दस से 12 दिन लग जा रहे हैं। कर्मचारियों की लापरवाही को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला ने पिछले एक साल में किए गए निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि निरीक्षण में दिए गए निर्देशों पर कार्य नहीं किया गया होगा तो संबंधित के विरूद्घ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने कहा कि पिछले एक साल में सैकड़ों गांवों का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान कमियों को दूर करने और दोषी के विरूद्घ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। अब तक उन मामलों में क्या कार्रवाई की गई है। पूरी वस्तुस्थिति की रिपोर्ट मांगी गई है।