निजामाबाद थाना क्षेत्र के फतनपुर गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर एक वृद्ध घायल हो गया। ग्रामीण मलबा हटा कर उसे अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फतनपुर गांव निवासी रामजीत पटेल (65) सोमवार की शाम अपने कच्चे मकान के दीवार के बगल में चारपाई डाल कर सो रहा था। अचानक मिट्टी की दीवार भरभरा कर उसके ऊपर ही गिर गई। वह मलबे के नीचे दब गया। दीवार गिरने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य और ग्रामीण एकत्रित हो गए। मलबा हटाकर उसे चिकित्सक के पास ले गए। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। लेखपाल ने मौके पर जाकर जांच की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।