नगर के दलालघाट से मंगलवार को भगवान जगन्नाथ की आकर्षक रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में भगवान जगन्नाथ के साथ कृष्ण, सुभद्रा और बलदाऊ की झांकी ने लोगों का मन मोह लिया। जगह-जगह लोगों ने उनकी आरती उतारी और जयकारे लगाए। रथयात्रा दलालघाट से शुरू होकर कोट मुहल्ला पहुंची। वहां से तकिया होते हुए पुरानी कोतवाली, चौक, मातबरगंज, पुरानी सब्जीमंडी, जामा मस्जिद होते हुए फिर पुरानी कोतवाली के रास्ते दलालघाट पहुंचकर संपन्न हुई। रथयात्रा में शामिल लोगों द्वारा भगवान जगन्नाथ के जयकारे लगाए जा रहे थे। भजन कीर्तन से पूरा शहर भक्ति के सागर में गोते लगा रहा था। ढ़ोल और तासे की धुन लोगों को मंत्रमुग्ध कर रही थी। जगह-जगह लोगों ने भगवान जगन्नाथ के साथ ही बांकेबिहारी, सुभद्रा और बलदाऊ की आरती उतारी। रथयात्रा पुरानी कोतवाली स्थित मंदिर पहुंची वहां लोगों ने भजन कीर्तन के साथ भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना की। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल साथ चल रहा था। इस मौके पर सुरेश कसेरा, रामकृपाल, राजेंद्र, श्रीचंद, राजेश, रामजी, अंजलि, संगीता आदि रथयात्रा में शामिल रहे।