रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जागरुक करते आरपीएफ प्रभारी मिर्जा राशिद बेग।
- फोटो : AZAMGARH
आजमगढ़। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से कोविड-19 के संक्रमण को फ़ैलने से रोकने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। कर्मचारी पूरी कुशलता से विभिन्न प्रकार की सामग्री का उत्पादन एवं प्रबंधन कर रहे हैं। प्रतिदिन मंडल के बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारी को मंडल स्तर पर कोरोना वारियर आफ द डे घोषित किया जाता है। रविवार को आजमगढ़ रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट पर तैनात प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ राशिद बेग मिर्जा को ये खिताब मिला। उन्होंने लॉकडाउन की विषम अवधि में नियमित कार्य के अलावा असहाय, गरीब और भूखे लोगों की भरपूर सहायता की। लॉकडाउन अवधि के दौरान कोरोना योद्धा के रूप में काम किया। शहर के आसपास के इलाकों सिधारी, भदुली बाजार, बेलइसा सब्जी मंडी के सामने, अंडरब्रिज, स्टेशन रोड मूसेपुर और जाफरपुर के इलाकों से भूखे और वंचित लोगों का पता लगाया। उनके बीच 1500 से अधिक खाद्य पैकेट का वितरण किया।