नगर पंचायत माहुल के सिद्धपीठ कालीचौरा मंदिर में आयोजित शक्ति मानस यज्ञ के तीसरे दिन सोमवार को कथा वाचक पंडित कौशल किशोर महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म, उनके आदर्शों और वर्तमान जीवन में उनकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।कथावाचक ने कहा कि यदि आज के समय में मनुष्य श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में उतार ले तो समाज में सच्चे अर्थों में राम राज्य की स्थापना संभव है। उन्होंने कहा कि राम राज्य की शुरुआत परिवार से होती है। जब परिवार का प्रत्येक सदस्य अपने दायित्वों के निर्वहन में संतुलन, करुणा और धैर्य बनाए रखे, तभी सच्चे राम राज्य की अनुभूति होती है। कार्यक्रम के शुभारंभ पर भाजपा नेता उमाकांत मिश्रा ने पंडित कौशल किशोर महाराज की आरती उतारी और माला पहनाकर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर यज्ञाचार्य पंडित धरणीधर पांडेय, सुबास मौर्य, दिलीप सिंह, हरिकेश गुप्ता, संजय मोदनवाल, शिवशंकर मिश्र, शंकर सेठ, सुरेंद्र अग्रहरि आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।