कांग्रेस कार्यालय पर जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 79वीं जयंती मनाई गई। लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने अपने कार्यकाल के दौरान ही 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार दिलवाया था।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि राजीव गांधी सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में देश की बागडोर संभाला। दूरदृष्टि और पक्के इरादे से पंचायती राज, संचार क्रांति के अतिरिक्त 18 वर्ष के युवाओं को मत का अधिकार दिलाया। देश के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए जो अविस्मरणीय हैं।
प्रदेश सचिव मनोज कुमार गौतम ने कहा राजीव गांधी की देन है कि आज देश संचार क्रांति और तकनीकी क्षेत्र में विश्व के बड़े-बड़े देशों को भी मात दे रहा है। देश का प्रत्येक नागरिक उनका ॠणी रहेगा। इस दौरान मनोज कुमार सिंह, मुन्नू यादव, श्यामदेव यादव, ओंकार पांडेय, रविकांत त्रिपाठी, तेजबहादुर यादव आदि मौजूद रहे।
शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय गुलामी का पूरा में मोहम्मद नजम शमीम की अध्यक्षता में राजीव गांधी जयंती मनाई गई। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान मिर्जा बरकत उल्लाह बेग, बेलाल आज़मी,शाहिद खान, जावेद खान आदि मौजूद रहे।