फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसानों के लिए संजीवनी बन बरसा पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
आजमगढ़। जनपद में विगत दों दिनों से मौसम किसानों पर मेहरबान हो गया है। लगातार हो रही बारिश ने किसानों की फसलों को काफी फायदा पहुंचाया है। लेकिन, बुधवार की रात गरज-चमक के साथ हुई झमाझम बारिश से नगर क्षेत्र में जगह-जगह हुए जल-जमाव ने लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया।
विज्ञापन

बरसात का मौसम खत्म होने की कगार पर पहुंच गया लेकिन जनपद में बारिश न होने से बहुत से किसानों से धान की खेती को भगवान के भरोसे छोड़ दिया था। क्योंकि धान की फसल में पानी देना उनकी पहुंच से बाहर होता जा रहा था। लेकिन, बुधवार की रात जनपद में हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरे में उम्मीद की लकीर खींच दी। यह बारिश के किसानों के वरदान बनकर बरसी हैं। पूरी रात तेज गरज-चमक के साथ बारिश होती रही है। बिजली इतनी तेज कड़क रही थी हर कोई सहमा हुआ था। सोते हुए लोगों की आंख तक बिजली कड़कड़ाने की आवाज से खुल गई। सुबह के समय भी बूंदाबादी जारी रही। जिसके कारण सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को उठानी पड़ी। इस बारिश ने किसानों की धान की फसल को काफी फायदा पहुंचाया लेकिन आमजनमानस की परेशानियों को और बढ़ा दिया है। हालांकि मुहल्लों में कहीं भी जलभराव देखने को नहीं मिला लेकिन सड़कों पर जलजमाव की समस्या का लोगों को सामना करना पड़ा। नगर क्षेत्र के कई स्कूलों में बरसात का पानी जमा नजर आया। वहीं बरसात के बाद गर्मी और उमस की मार झेल रहे आमजन को राहत मिली है।
बोले कास्तकार
सगड़ी तहसील के तरौका गांव निवासी किसान दयानंद ने बताया कि इस बारिश से धान की फसल को काफी फायदा पहुंचा है। इस बारिश के बाद अब हम लोग अपने धान के फसल की टाप ड्रेसिंग का काम करेंगे। पहलवानपुर गांव निवासी किसान राहुल राय ने कहा कि इस बारिश का सभी किसानों केे काफी दिन से इंतजार था। बहुत से किसानों ने अपनी फसल को भगवान के भरोसे छोड़ दिया था। इस बारिश के बाद किसानों की फसलों को संजीवनी मिली है। एकबार फिर किसान पूरे उत्साह से फसल की देखभाल में जुटेंगे।
विज्ञापन

कई विद्यालयों में भर गया पानी
आजमगढ़। बुधवार की रात जनपद में हुई झमाझम बारिश के कारण नगर क्षेत्र के कई विद्यालयों और उनके मैदानों में पानी भर गया। नगर के डीएवीपीजी कालेज, डीएवी इंटर कालेज और एसकेपी इंटर कालेज के मैदान में पानी भर गया। इतना ही नहीं नगर का कुंवर सिंह उद्यान भी पानी में डूबा नजर आया। जिसमें बंदरों का झुंड अठखेलियां करता नजर आया।
रातभर में हुई 63 मिमी बारिश
आजमगढ़। जनपद में बुधवार की रात हुई झमाझम बारिश के दौरान कुल 63 मिमी बारिश हुई। वहीं सितंबर माह में अब तक हुई बारिश की बात करें तो अब तक कुल 134.79 मिमी बारिश हो चुकी है।
सितंबर माह में हुई बारिश का छह वर्ष का आंकड़ा
वर्ष बारिश
2017 58.4 मिमी
2018 55.2 मिमी
2019 505.38 मिमी
2020 186.94 मिमी
2021 187.97 मिमी
2022 134.79 मिमी
इन आंकड़ों पर गौर करें तो 2017 और 2018 में सितंबर के पूरे महीने में इस वर्ष हुई 15 दिन की बारिश से कम बारिश हुई। अभी सितंबर माह पूरा होने में 15 दिन का समय शेष है। मौसम विभाग की मानें तो अब सामान्य बारिश होने की उम्मीद है।
इस बारिश से किसी फसल को कोई नुकसान नहीं है। बीच में बारिश न होने से धान को जो वृद्घि मिलनी चाहिए थी वह नहीं मिली लेकिन अब हुई इस बारिश से धान की फसलों को काफी फायदा पहुंचा है।
गगनदीप सिंह, जिला कृषि अधिकारी।
खरेवां अंडरपास में भरा पानी, आवागमन हुआ मुश्किल
सरायमीर। शाहगंज-आजमगढ़ रेलखंड पर खरेवां गांव में बना अंडरपास ग्रामीणों के लिए सिरदर्द बन गया। एक ओर जहां अंडरपास में पानी भरने से आवागमन मुश्किल हो गया है, वहीं खरेवां रेलवे क्रासिग बंद होने से दूसरा कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है।
रेलवे की ओर से आवागमन के लिए जिस दिन अंडरपास चालू किया गया उसके दूसरे दिन से ही अंडरपास में जलजमाव हो गया था। ग्रामीणों ने कई बार रेलवे के अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर समस्या का समाधान करने की मांग उठाई, तो रेलवे द्वारा पंपिंग सेट लगाकर पानी बाहर कर दिया था, लेकिन जब भी बारिश होती है यहां जलजमाव हो जाता है। इसी अंडरपास से होकर पैराडाइज कांवेंट स्कूल के विद्यार्थी भी शिक्षा ग्रहण करने जाते हैं। रेलवे ने पैदल यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से अंडरपास में एक तरफ थोड़ा सा ऊंचा करके बना दिया है। बुधवार को हुई वर्षा के कारण अंडर पास में जलजमाव के चलते कार, बाइक, पैदल आने जाने वालों को समस्या उत्पन्न हो गई है। खरेवां के ग्रामीणों ने रेलवे से समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की है।
नपं ने लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का दिया निर्देश
निजामाबाद। जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को नगर पंचायत प्रशासन ने बृहस्पतिवार को खाली कर सुरक्षित जगह पर जाने का निर्देश दिया। इसके लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र से सूचना भी प्रसारित किया। अब गरीब परिवारों के सामने यह समस्या आ गई कि वह जाएं तो कहां जाएं।
बुधवार की रात से लगातार हो रही बारिश से निजामाबाद कस्बा के वार्ड नंबर 10 में घिराऊ गुप्ता के मकान की दीवार पड़ोसी शंकर गोंड के घर पर गिर गई। घर गिरने से अंदर सो रहे सुषमा और उनका बेटा घायल हो गया। आनन-फानन में लोग अस्पताल में भर्ती कराए। जहां दोनों का उपचार चल रहा है और हालत गंभीर बनी हुई है। लगातार रुक- रुक कर हो रही बारिश की वजह से आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है थोड़ी सी सतर्कता से किसी भी दुर्घटना से बचा जाए, इसको देखते हुए एकाएक नगर पंचायत द्वारा जर्जर मकानों को खाली करके सुरक्षित स्थान पर जाने का आदेश जारी किया जा रहा है। जबकि नगर पंचायत द्वारा लोगों को ठहरने क लिए कहीं पर भी वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है। संवाद
ठेकमा। सराय मोहन में आजमगढ़-जौनपुर मुख्य मार्ग से विद्युत सब स्टेशन होते हुए सराय मोहन गांव तक सड़क गई हुई है। सड़क के बगल में नाली बनी हुई है लेकिन यह नाली पूरी तरह से जाम हो गई है और सड़क पूरी तरह से टूट गई है। सिर्फ गिट्टी ही दिख रही है सड़क का कहीं पता नहीं है। हल्की सी भी बारिश में पानी इतना भर जाता है कि लोग उधर से जा नहीं पाते हैं। बृहस्पतिवार को बारिश से इतना पानी भर गया कि बिल जमा करने आने वाले लोगों को वापस होना पड़ा। खंड विकास अधिकारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि नाली साफ करवाकर जल निकासी की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
आजमगढ़। जनपद में बुधवार की रात आंधी और बिजली की कडकड़ाहट के बीच हुई बारिश के बाद बृहस्पतिवार की सुबह से ही कई क्षेत्रों की बिजली गुल रही। जिसके कारण इन क्षेत्रों के लोगों की बिजली और पानी न होने से पूरी दिनचर्या ही खराब हो गई। कई क्षेत्रों में तो दोपहर बिजली बहाल हो गई लेकिन कई क्षेत्रों में बिजली कुछ देर के लिए आई इसके बाद गायब हुई तो शाम तक उसके दर्शन नहीं हुए।
जनपद में बारिश होने का लोग काफी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। जब बारिश हुई तो इसने जहां किसानों को राहत पहुंचाई वहीं आम जन मानस की समस्याओं को बढ़ा दिया। बुधवार की रात आंधी के साथ हुई बारिश से ब्रह्मस्थान और कोलघाट क्षेत्र की बिजली गुल गई। ब्रह्मस्थान क्षेत्र में मातनपुर फीडर से बिजली की आपूर्ति की जाती है। जो हल्की सी तेज हवा चलने के बाद ही कहीं न कहीं फाल्ट की शिकार हो जाती है। फाल्ट के कारण कटी बिजली से ब्रह्मस्थान के साथ ही देवपार, भवरनाथ, कम्हेनपुर, करतालपुर आदि गांवों की बिजली गुल हो गई। वहीं कोलघाट की भी बिजली गुल हो गई है। सुबह लोगों को दैनिक क्रिया के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। दोपहर में कुछ देर के लिए बिजली आइ फिर गुल हो गई है। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। शाम साढ़े चार बजे तक बिजली की आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल नहीं हो सकी थी। अधिशासी अभियंता अरविंद कुमार ने बताया कि बारिश के कारण कुछ समस्या आ गई थी। हमारे कर्मी इस गड़बड़ी को दूर करने में जुटे हुए हैं जल्द ही आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।
आजमगढ़। जिले में बुधवार की देर रात गरज तरज के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई स्थानों पर बिजली गिरी। चपेट में आकर कई पशुओं की मौत हो गई तो कई जगहों पर दीवार ढह गई। कई स्थानों पर इलेक्ट्रानिक उपकरण भी जल गए। इससे बृहस्पतिवार को भी लोग परेशान दिखे।
अहरौला: तेज बारिश के साथ बिजली के गिरने से बिशुनपुरा गांव निवासी किसान सुग्रीव गिरी के दरवाजे पर बंधी उनकी भैंस व एक गाय की मौत हो गई। बृहस्पतिवार की सुबह उन्होंने इसकी जानकारी राजकीय पशु अस्पताल अहरौला के चिकित्सा प्रभारी व अहरौला थाने पर दी। फूलपुर: फूलपुर मुडि़यार मार्ग पर विजय सोनकर के घर की दीवार गिर गई। संयोग अच्छा था कि कोई घायल नहीं हुआ। रानी की सराय: दिलौरी गांव में बिजली गिरने से कई घरों के इलेक्ट्रानिक उपकरण जल गए। भोला तिवारी के घर का तो इन्वर्टर, बैटरी, पंखा, फ्रीज, कूलर, वाशिंग मशीन सहित अन्य इलेक्ट्रिक उपकरण तेज आवाज के साथ जल गए। संयोग ही रहा कि कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं, बिजली गिरने से भोला तिवारी के घर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। छत में दरार आ गई व उसका बारजा टूट गया। लोगों ने बताया कि करीब पांच लाख के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जले हैं। लोगों ने शासन स्तर से मिलने वाला उचित मुआवजा मुहैया कराने की मांग की है।
आजमगढ़। पिछले दो दिनों से छुटपुट बारिश हो रही थी लेकिन बुधवार की रात हुई मूसलाधार बारिश से शहर से लेकर गांव तक पानी ही पानी नजर आया। सड़कों और कालोनियों ने तालाब का रूप धारण कर लिया। बारिश बंद होने के घंटों बाद तक राहगीरों को सड़कों पर भरे गंदे पानी से गुजरना पड़ा। वहीं कालोनियों को लोगों को भी गंदे पानी के बीच से ही आनाजाना पड़ा। जिससे उन्हें परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार की रात हुई झमाझम बारिश से लालगंज में सड़कों पर जलभराव हो गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज के चिकित्सक एवं कर्मचारियों के आवास के सामने पानी भर गया। यही हाल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने भी देखने को मिला। छात्र-छात्राओं को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। स्थानीय निवासी लक्ष्मी कनौजिया, विनोद, दिनेश, राघव, सौरव सिंह, कन्हैया प्रजापति, सूरज यादव, ज्वाला सिंह आदि ने उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द जल निकासी की मांग की है। मेजवां प्रतिनिधि के अनुसार फूलपुर और ग्रामीण इलाकों में मूसलाधार बारिश ने जहां उमस से परेशान लोगों को राहत दी वहीं, कई जगह जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बिजली कालोनी, तहसील परिसर में पानी घुस गया, जिससे वहां रह रहे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। बिजली कालोनी परिसर में जलभराव हो गया। इसके चलते कर्मचारी और उपभोक्ता वहां नहीं पहुच पा रहे है। बारिश के चलते कुछ घरों में गंदा पानी भर गया, जिससे लोगों ने बड़ी मुश्किल से निकाला है। माहुल रोड, दुर्वासा रोड पर पानी लगने से एक हिस्सा धंसा है, जिससे वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हो रही है। रानी की सराय प्रतिनिधि के अनुसार झमाझम बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। दो दिन से हो रही बरसात से आजमगढ़-वाराणसी हाईवे पर जगह-जगह जलभराव हो गया है। जगह-जगह जलभराव के चलते लोगों को काफी समस्या हो रही है। हाइवे पर जलनिकासी नहीं होने से सोनवारा मोड़ से पटेल नगर तक जगह-जगह जलभराव हो गया। वहीं अंडरपास के नीचे भी पानी लग गया। वहीं रूदरी मोड़ से लेकर रिलायंस पेट्रोल पंप के आगे तक हाइवे पर सड़क जगह-जगह उबड़-खाबड़ हो गई है, जिससे वहां गड्ढ़े बन गए है, जो एक बार दिखाई नहीं पड़ते।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें