आदर्श रेलवे स्टेशन आजमगढ़ लिफ्ट व एस्केलेटर की सुविधाओं से लैस होगा। इससे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को खासी सहूलियत होगी। स्टेशन पर जहां पुराने शेड को बदला जा रहा है वहीं पेयजल की व्यवस्था भी सुधारी जा रही है। इसके अलावा प्लेटफॉर्म को भी ऊंचा किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन के दाेनों तरफ आधुनिक गेट भी बनेगा। इससे स्टेशन की भव्यता बढ़ेगी।
मऊ-शाहगंज विद्युतीकृत खंड पर स्थित आजमगढ़ स्टेशन जिला मुख्यालय का रेलवे स्टेशन है। यह सीधे ट्रेन सुविधा से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, वाराणसी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, आसनसोल, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, अमृतसर, अजमेर, सूरत व अहमदाबाद आदि नगरों से जुड़ा है। वर्तमान में इस स्टेशन पर प्रतिदिन 2200 यात्रियों का आवागमन होता है। यहां से प्रतिदिन लगभग 15 जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। एनएसजी-3 श्रेणी के इस स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज यानी एफओबी, पूछताछ कार्यालय, एनआउंसमेंट सिस्टम, टिकट खिड़की, कांच इंडीकेशन बोर्ड, साइनेज, प्रसाधन, सीसीटीवी कैमरा, वेटिंग हॉल, पुरुष एवं महिलाओं के लिए अलग-अलग वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम, डॉरमेट्री एवं उच्च श्रेणी वेटिंग रूम उपलब्ध हैं। वहीं सर्कुलेटिंग एरिया में बेहतर प्रकाश के लिए हाई मास्ट टावर लगाई गई है। अब इस स्टेशन का विकास अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया है। अमृत भारत योजना के अंतर्गत आजमगढ़ स्टेशन को पुर्नविकसित कर यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं प्रदान की जाएगी। इस पर करीब 34 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं।