मुबारकपुर। सरकारी धन का गबन करने के आरोपी के घर सोमवार को बिहार और मुबारकपुर पुलिस ने दबिश दी। लेकिन जानकारी होते ही बिहार की संस्था दो सूती हैंडिक्राफ़्ट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के साथ धोखाधड़ी करने का आरोपी फरार हो गया। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के अलीनगर मुहल्ला निवासी मनोज कुमार विश्वकर्मा ने बिहार में सरकारी धन का गबन किया था। बिहार पुलिस के अनुसार, भारत सरकार विकास आयुक्त कार्यालय (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय की तरफ से बुनकरों के विकास एवं उत्थान के लिए वस्त्र का सामान तैयार करने के लिए दो सूती हैंडिक्राफ्ट प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के निदेशक प्रवीण चौहान निवासी गया बिहार की ओर से 70 लाख 68 हजार का विज्ञापन जारी किया गया था।
मनोज विश्वकर्मा ने कल पुर्ज़े एवं अन्य उपकरणों की सप्लाई के लिए सबसे कम बोली लगाई। इस पर कार्यदायी संस्था ने उसे धन मुहैया करा दिया। छह माह में सामान बना कर संस्था को देने का एग्रीमेंट हुआ। लेकिन, मनोज ने पैसा लेने के बाद सामान उपलब्ध नहीं कराया। इस पर प्रवीण चौहान ने थाना मुफसिल, जिला गया, बिहार में मनोज पर मुकदमा दर्ज कराया। मामला जब कोर्ट में पहुंचा तो मनोज न्यायालय में उपस्थित नहीं हुआ। इस पर कोर्ट ने बिहार पुलिस को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में बिहार पुलिस सोमवार को जनपद पहुंची और मुबारकपुर पुलिस को साथ लेकर आरोपी के घर पहुंची। लेकिन, जानकारी होते ही वह फरार हो गया।