पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की तलाश में रौनापार थाना पुलिस ने शनिवार रात व रविवार को दिन भर जगह-जगह दबिश दी। रौनापार थाना क्षेत्र के चांदपट्टी गांव में शनिवार को गैंगेस्टर के एक मामले में वांछित की गिरफ्तारी को लेकर पहुंची गोरखपुर पुलिस की टीम पर आरोपी के परिजनों और उसके साथियों ने हमला बोल दिया। मामले में गोरखपुर पुलिस ने रौनापार थाने में मुकदमा दर्ज कराया। एसओ रौनापार ने बताया कि गोरखपुर पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम शनिवार की शाम से ही सक्रिय है। शनिवार की रात चांदपट्टी गांव में दबिश दी गई लेकिन नामजद आरोपियों का पूरा परिवार फरार है। आरोपियों के मोबाइल नंबरों के आधार पर लोकेशन पता लगाया जा रहा है। इतना ही नहीं उनके नात-रिश्तेदारी में भी पुलिस दबिश की कार्रवाई कर रही है। रौनापार पुलिस ने सरायमीर व रानी की सराय क्षेत्र में भी गैंगेस्टर के आरोपी नौशाद पुत्र मुमताज की तलाश में दबिश की कवायद शुरू कर दी है।