पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
बलिया में सपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह ने राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता समाप्त किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। पूर्व विधायक ने कहा कि राहुल गांधी निर्भिकता से लोकतंत्र की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे थे। सरकार ने उनकी सदस्यता समाप्त कर उसे दबा दिया है। राहुल गांधी लोकसभा में जो विचार रखना चाहते थे सरकार ने वह रास्ता ही बंद कर दिया।
राहुल को अब सुअवसर मिल गया। अब वे पूरे समय विपक्षी एकता के लिए मेहनत करें। कहा कि राहुल गांधी अगले लोकसभा चुनाव में तानाशाह हुकुमत को उखाड फेंकने का संकल्प लें। उन्हें चाहिए कि समान विचारधारा वालों के साथ अभी से तालमेल का प्रयास करें। पूर्व विधायक ने राहुल गांधी को सुझाव दिया कि वे खुद प्रधानमंत्री की दौड़ से बाहर रह कर किंगमेकर की भूमिका निभाएं।
गाजीपुर में समाजवादी पार्टी की बैठक कार्यालय समता भवन पर शनिवार को आयोजित हुई। इस अवसर पर समाजवादी बाबा साहेब वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाईलाल भारती के जिले में आगमन पर एक अप्रैल को लोहिया भवन पर आयोजित बैठक एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारी पर चर्चा की गई। बैठक में सदर विधायक जैकिशन साहू ने कहा कि देश गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। लोकतंत्र, संविधान और इस देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप की रक्षा के लिए संघर्ष करने की जरूरत है। अभिव्यक्ति की आजादी खतरे में है।
सरकार के खिलाफ बोलने वाले विरोधी दलों के नेताओं को जेलों में डाला जा रहा है। भाजपा सरकार पूरी तरह से तानाशाही पर उतर आई है। पूरा देश भाजपा सरकार की तानाशाही नीतियों के चलते दहशत में है। सरकार का बुलडोजर लोकतंत्र को कुचल रहा है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा लोकतंत्र की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के दुश्मनों को सत्ता से बेदखल करने की जरूरत है।