आजमगढ़। जनपद में गेहूं खरीद की स्थिति ठीक नहीं है। अब तक 15 प्रतिशत भी खरीद नहीं हुई है। ऐसे में लक्ष्य के सापेक्ष गेहूं खरीद करने के लिए राजकीय अवकाश व रविवार को भी क्रय केंद्र खोलने का निर्देश दिया है।
आजमगढ़ को इस बार 94700 एमटी गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया है। इसको पूरा करने के लिए विभिन्न एजेंसियों के कुल 81 क्रय केंद्र एक मार्च से ही सक्रिय हैं। गेहूं बेचने के लिए 7424 किसानों ने पंजीकरण कराया है। गेहूं खरीद शुरू से ही रफ्तार नहीं पकड़ पाई। समर्थन मूल्य 2275 प्रति क्विंटल से अधिक बाजार भाव 2300 या इससे ऊपर है। जिसके कारण शुरू से ही किसानों का रूझान व्यापारियों की तरफ रहा।
व्यापारी किसानों के घरों तक पहुंच कर नकद देकर गेहूं उठा ले रहे हैं। मंगलवार तक के आंकड़े देखे जाएं तो 2777 किसानों से 94700 एमटी के सापेक्ष 13740 एमटी ही गेहूं खरीदा जा सका है। जनपद में 14.9 प्रतिशत गेहूं खरीदा गया है। ऐसे में शासन के निर्देश पर अब राजकीय अवकाश और रविवार के दिन भी गेहूं क्रय केंद्र को खोलने का निर्देश दिया गया है ताकि किसानों से अधिक से अधिक गेहूं खरीदा जा सके।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अंशुमाली शंकर ने बताया कि किसानों से अधिक से अधिक गेहूं खरीद करने के लिए शासन की तरफ से यह निर्णय लिया है। जनपद के सभी क्रय केंद्र राजकीय अवकाश व रविवार के दिन खुले रहेंगेे और यहां तैनात केंद्र प्रभारी किसानों से संपर्क कर गेहूं की खरीद करेंगे।