कांखभार बाजार में अंग्रेजी शराब की दुकान खोले जाने की आहट पर महिलाएं आक्रोशित हो उठी और विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी होने पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और महिलाओं को समझा-बुझा कर शांत कराया। रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार बाजार के पास देशी शराब की दुकान पहले से मौजूद है। जो नियम विरूद्ध आजमगढ़-गोरखपुर हाई वे से मात्र 190 मीटर दूरी पर है। जबकि हाई वे से कम से कम 220 मीटर की दूरी पर शराब की दुकान होनी चाहिए। इस इसी देशी शराब की दुकान के बगल में अंग्रेजी शराब की दुकान खोलने की योजन बन रही है। जिसकी जानकारी जब कांखभार बाजार के महिलाओं को हुई तो वे भड़क उठी। रविवार को काफी संख्या में महिलाओं ने उस स्थान पर पहुंच कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं का कहना था कि देशी शराब की दुकान खुलने से शराबियों का यहां पहले से आतंक है, वहीं अब अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान भी खुल जाने से परेशानी और बढ़ जाएगी। महिलाओं के विरोध प्रदर्शन की जानकारी होते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और आक्रोशित महिलाओं केे समझा-बुझा कर शांत कराया। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में ताजी देवी, रिंकू यादव, सविता, संभा गुप्ता, फूलमती, लीलावती, रीता, सविता आदि शामिल रही।
महिलाएं अंग्रेजी शराब व बीयर की दुकान खोले जाने का विरोध कर रही है। ऐसे में दुकान कहीं और खोले जाने की योजना बनायी जाएगी। निश्चित तौर पर दुकान को कहीं और शिफ्ट कराया जाएगा। - राजीव रतन सिंह, एसडीएम, सगड़ी।