जमीन-मकान बचाओ संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में खिरिया बाग में ग्रामीणों का धरना बृहस्पतिवार को 134वें दिन जारी रहा। वक्ताओं ने कहा कि सरकार विकास के नाम पर किसानों की जमीन छीन रही है। उसे अब एयरपोर्ट के विस्तार का प्रस्ताव वापस ले लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वक्त की मांग है कि बेरोजगार, मजदूर, किसान, महिला सभी एकजुट होकर कार्पोरेट विकास मॉडल के जनविरोधी चेहरे को जनता के सामने रखें। देश के संसाधनों को चंद कार्पोरेट घरानों के हाथों सौंप देने की साजिश चल रही है। मौजूदा सरकार सारे सरकारी संस्थानों को बेचती जा रही है। जब तक एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का मास्टर प्लान वापस नहीं होगा धरना जारी रहेगा। कहा कि यह सरकार चंद पूंजीपतियों को मुनाफा पहुंचाने के लिए बेरोजगारी, कमर तोड़ मंहगाई, जमाखोरी का जाल बिछाकर किसानों मजदूरों को लूट रही है। विकास के नाम पर किसानों की जमीन छीन रही है। जमीन छिनने से किसान मजदूर बर्बाद हो जाएंगे। अध्यक्षता नकछेद राय व संचालन राधेश्याम ने किया।
धरने को रामनयन यादव, रामराज, रामकुमार यादव, छोटेलाल चौधरी, महेंद्र राय, रामधनी, अशोक आदि ने संबोधित किया।