जनपद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत चार शातिर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसके तहत इन चारों अभियुक्तों के लगभग चार लाख की संपत्ति को जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर जब्त किया गया।
एसपी अनुराग आर्य ने बताया कि एक-एक अपराधी बिलरियागंज व देवगांव कोतवाली तथा दो अपराधी रौनापार थाना क्षेत्र के हैं। इनके अपराध से अर्जित संपत्ति को चिन्हित कर जिला मजिस्ट्रेट को जब्तीकरण के लिए संस्तुति किया गया था। जिला मजिस्ट्रेट के निर्देश पर जब्तीकरण की कार्रवाई की गई। बिलरियागंज पुलिस ने शातिर अपराधी प्रदीप यादव निवासी शहाबुद्दीनपुर के 2.80 लाख कीमत से क्रय की गई जमीन को जब्त किया गया। देवगांव कोतवाली पुलिस ने शातिर अभियुक्त शाह आलम द्वारा अपराध की कमाई से क्रय की गई बाइक को जब्त किया गया। इसकी कीमत 60 हजार रुपये निर्धारित किया गया। वहीं रौनापार थाना पुलिस ने अभियुक्त अनिल यादव व अखिलेश यादव के द्वारा अपराध की कमाई से क्रय की गई दो बाइकों जिसका मूल्य क्रमश: 43200 व 14500 है को जब्त करने की कार्रवाई की गई।