महानिदेशक स्कूली शिक्षा ने यू-डाइस पोर्टल पर कक्षा एक से 12 तक के छात्र-छात्राओं का प्रोफाइल तैयार कर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। बीएसए व डीआईओएस ने सभी विद्यालयों के इस संबंध में पत्र जारी कर प्रोफाइल अपलोड करने के आदेश दिए हैं। इससे छात्र-छात्राओं के अभिलेखों में हेराफेरी का खेल खत्म हो जाएगा। जिले में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 2702 परिषदीय विद्यालय संचालित है। जिसमें 1720 प्राथमिक, 528 उच्च प्राथमिक व 454 कंपोजिट विद्यालय शामिल है। वहीं करीब 2000 मान्यता प्राप्त प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय व 110 सहायता प्राप्त उच्च प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जिसमें करीब सवा चार लाख बच्चे पंजीकृत हैं। वहीं माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से जिले में कुल 764 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जिसमें 97 वित्त पोषित, 23 राजकीय व 644 वित्त विहीन विद्यालय शामिल है। उक्त विद्यालयों में कक्षा आठ से 12 तक कुल करीब 425,990 बच्चे पंजीकृत हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि छात्र के प्रोफाइल के साथ सारा विवरण यू डायस पोर्टल के माध्यम से विभाग के पास उपलब्ध होगा। प्रोफाइल के साथ छात्र का आधार और अन्य सभी प्रकार का विवरण भी अपडेट किया जाएगा।