यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा निरस्त होने के बाद अब शासन ने मूल्यांकन के तरीकों पर जिलों से सुझाव मांगा है। प्रधानाचार्यों व अभिभावक संघ के पदाधिकारी से लिखित सुझाव लेकर उसे बोर्ड को प्रेषित करने को कहा गया है। अपर मुख्य सचिव वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जिले के चुनिंदा प्रधानाचार्य, शिक्षक अभिभावक संघ के पदाधिकारी व शिक्षा विभाग के अधिकारियों से सुझाव मांगेगे। जिला विद्यालय निरीक्षक डा. वीके शर्मा को पत्र में निर्देशित किया गया है कि वह अपने जनपद के ख्याति प्राप्त राजकीय, अशासकीय, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के एक-एक प्रधानाचार्य एवं शिक्षक अभिभावक संघ के एक पदाधिकारी से बोर्ड परीक्षाफल तैयार करने के विषय में सुझाव प्राप्त कर समेकित सुझाव जेडी माध्यमिक के जरिए बोर्ड के ई-मेल पर प्रेषित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा रद होने के बाद छात्र-छात्राओं को तो पास कर दिया गया लेकिन अब उन्हें नंबर देना कठिन हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए चुनिंदा प्रधानाचार्य, शिक्षक अभिभावक संघ के पदाधिकारियों व शिक्षा विभाग के अधिकारियों से सुझाव मांगे है।