मेंहनगर। भाजपा की ओर से क्षेत्र के कम्हरिया स्थित एक काॅलेज में रविवार को अन्नदाता किसान सम्मेलन हुआ। इसमें परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने सपा, कांग्रेस पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि अन्नदाता किसानों ने तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। सरकार बनने के बाद से ही किसानों के हित में फैसला लेने और उनकी आय को दोगुना करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने सम्मान निधि जैसी योजनाएं चलाई। किसानों के खाते में सीधे सम्मान निधि पहुंच रही है। इसी के साथ फसल बीमा योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, पीएम आवास योजना, सुकन्या योजना, जन-धन खाते के माध्यम से सतत विकास के लिए पीएम ने काम किया। सपा और कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने गरीब, किसान, नौजवान, व्यापारी को छला है। इनके समय में दिनदहाड़े हत्या, लूट, दुष्कर्म की घटनाएं होती थीं। आज योगी आदित्यनाथ के शासन काल में अपराध और अपराधियों के लिए जगह नहीं है। इस मौके पर दिनेश लाल यादव निरहुआ, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अरुण सिंह, अवनीश मिश्रा, सुनील कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाल, अखिलेश मिश्रा गुड्डू आदि मौजूद थे।