आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में तीन की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पहली वर्षगांठ के पूर्व ही मासूम की मौत ने तो पूरे परिवार को झाकझोर कर रख दिया है। परिवार ने मासूम के मुंडन के बाद पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाने की तैयारी की थी। निजामाबाद क्षेत्र के बनगांव निवासी लालमन और उनकी पत्नी अपने पौत्र कार्तिक पुत्र पंकज का मुंडन कराने मंगलवार की सुबह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विंध्याचल धाम के लिए निकले थे। लालमन व उनकी पत्नी को जरा भी यह एहसास नहीं था कि विंध्याचल धाम की यह यात्रा उनके कुल दीपक कार्तिक के लिए अंतिम यात्रा साबित होगी। पूरा परिवार ऑटो से विंध्याचल धाम गया था। ऑटो में जगह कम होने के चलते कर्तिक के दादा लालमन व उनकी पत्नी नहीं जा सके थे। मंगलवार की देर रात हुए हादसे में मासूम पोता समेत तीन की मौत की सूचना घर पहुंचते ही मानो परिवार पर पहाड़ टूट पड़ा। रोते हुए दादा लालमन ने बताया कि मुंडन के बाद पोते का पहला जन्मदिन धूमधाम के साथ मनाये जाने की तैयारी थी लेकिन उसके पहले ही मासूम काल के गाल में समा गया। मासूम ने जहां दम तोड़ दिया है तो वहीं माता-पिता घायल होकर अस्पताल में भर्ती है।