मेजवां। कोरोना से लड़ाई में अब वैक्सीन का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। कोरोना वैक्सीन के भंडारण और उसके वैक्सीनेशन को लेकर युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। वैक्सीन के रखरखाव और टीकाकरण की तैयारी अंतिम दौर में है। फूलपुर सीएचसी में सिर्फ इंतजार वैक्सीन के पहुंचने का है। इसे सुरक्षित रखने के लिए आईएलआर (आइस लाइन रेफ्रिजरेटर) आ गई है। इससे उसका तापमान मेंटेन रहेगा और टीके को सुरक्षित तौर पर सेंटर्स तक पहुंचाया जाएगा। सेंटर्स तक टीका पहुंचाने के लिए भी हाईटेक आइस बॉक्स मंगाए गए हैं। फूलपुर चिकित्साधिकारी डा. राम आशीष सिंह यादव ने बताया कि 23 दिसम्बर को जिला मुख्यालय पर ब्लाक प्रोग्राम मैनेजर, मेडिकल ऑफिसर, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, प्रतिरक्षण अधिकारी, ब्लाक कम्यूनिटी, प्रोसेसिंग मैनेजर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही दूर-दराज के गांवों तक टीका पहुंचाने में लगने वाले सभी संसाधन व टीके के भंडारण जैसे अहम बंदोबस्त किए गए है। मुकेश कुमार मौर्य प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि फूलपुर में आइस लाइन रेफ्रिजरेटर लगाया गया है। यहीं से वैक्सीन को अलग-अलग केंद्रों पर भेजा जाएगा।