जीयनपुर कोतवाली अंतर्गत सगड़ी तहसील के पास मंगलवार की सुबह ट्रक की चपेट में आकर बाइक सवार प्रधानपति की मौत हो गई। जबकि भतीजी गंभीर रुप से घायल हो गई। पुलिस ने किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। महराजगंज थाना क्षेत्र के अराजी मलहपुरवा गांव निवासी विजय बहादुर (38) सोमवार को अपनी ससुराल जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मेघईखास गांव गया हुआ था। मंगलवार की भोर में वह बाइक से अपनी भतीजी पुष्पांजलि (15) पुत्री जनार्दन को साथ लेकर घर लौट रहा था। सगड़ी तहसील के पास अचानक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विजय बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची औरकिशोरी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। विजय बहादुर तीन भाईयों में दूसरे नंबर पर था। वर्तमान में उसकी पत्नी दुर्गावती गांव की प्रधान है। घटना से परिजन बिलखते रहे।