बिजली गिरने से मंगलवार को कई जगहों पर इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो जाने से मोहब्बतपुर फीडर से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। 20 घंटे बाद अगले दिन करीब 11 बजे आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। सबसे ज्यादा परेशानी पानी की हुई, क्योंकि बिजली न रहने से सबमर्सिबल बंद हो गए थे। मोहब्बतपुर फीडर से क्षेत्र के शाहगढ़, जमुड़ी, सरदारपुर, मोहब्बतपुर, नीबी, बैठौली, रौजा, महलिया, दौलतपुर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों को बिजली आपूर्ति की जाती है। मंगलवार की शाम करीब तीन बजे तेज गरज के साथ बारिश हो रही थी। बिजली की गरज से क्षेत्र में 25 जगहों पर इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो गए। जिसके कारण इस फीडर से जुड़े सभी गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। लोगों ने सोचा कि बिजली कटी होगी और रात में आ जाएगी लेकिन रात में भी बिजली नहीं आई। उमस भरी गर्मी में लोगों ने किसी प्रकार से रात गुजारा। सुबह टंकी का पानी खत्म हो जाने से लोग काफी परेशान दिखे। जगह-जगह खराब हुए इंसुलेटर को बदलने में विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी जगहों का इंसुलेटर लगाए गए। बुधवार को करीब 11 बजे के बाद आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। अवर अभियंता सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इंसुलेटर क्षतिग्रस्त हो जाने से आपूर्ति बाधित थी। इसे सही कराकर बिजली बहाल कर दी गई है।