आजमगढ़। ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद नामांकन आदि की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब बृहस्पतिवार को दो प्रधान और दो बीडीसी पद के लिए मतदान होना है। जिसके लिए बुधवार को संबंधित विकास खंडों से पोलिंग पार्टियों की रवानगी हो गई। जनपद की ग्राम पंचायतों में रिक्त चल रहे 171 पदों के लिए उपचुनाव की अधिसूचना आयोग द्वारा जारी की गई। इस अधिसूचना के बाद विकास खंडों में रिक्त पदों के लिए नामांकन कराया गया। जिसमें ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त पदों में जिन पदों पर लोगों ने नामांकन किया था उनका निर्विरोध निर्वाचन हो गया। वहीं तरवां विकास खंड के डंडवल ग्राम प्रधान पद पर निशा का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। फूलपुर विकास खंड के फूलपुरदेहात ग्राम पंचायत में भी ग्राम प्रधान पद पर सुरेंद्र बहादुर का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। जहानागंज विकास खंड के आजमबांध क्षेत्र पंचायत सीट के लिए सत्यभावना, तहबरपुर के बेगपुर खालसा बीडीसी पद के लिए अनीता मौर्य, पल्हनी के मुंडा बीडीसी पद के लिए गुंजा मौर्य, फूलपुर नौहरा से बीडीसी पद के लिए रेमशमा, महराजगंज के देवारा जदीद से बीडीसी के रामशंकर, लालगंज के उबारपुर लखमीपुर से बीडीसी पद पर उषा और सठियांव में बंहौर क्षेत्र पंचायत सीट से असरफी का निर्विरोध निर्वाचन हो गया। शेष बचे दो ग्राम प्रधान और दो बीडीसी पदों के लिए बृहस्पतिवार को मतदान किया जाएगा। जिसमें अहरौला विकास खंड के सतुवहिया गांव में ग्राम प्रधान पद के लिए 1058 मतदाता, कोतवालीपुर के बीडीसी पद के लिए 1923, फूलपुर के कतरानू ग्राम प्रधान पद के लिए 2100 मतदाता, जहानागंज विकास खंड के करउत बीडीसी पद के लिए 1554 मतदातन मतदान करेंगे। इन चार पदों के लिए कुल पांच मतदान केंद्र और 11 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर कुल 6635 मतदाता मतदान में हिस्सा लेंगे। अहरौला प्रतिनिधि के अनुसार बुधवार देर शाम उपचुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां अपने-अपने बूथों पर पहुंच गई। अहरौला विकासखंड के सतूवहिया ग्राम सभा में ग्राम प्रधान के लिए उपचुनाव होना है जहां महिला के लिए सीट सुरक्षित है कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं। 1077 कुल मतदाता मतदान का प्रयोग करेंगे। वहीं कोतवालीपुर ग्राम सभा में क्षेत्र पंचायत सदस्य की मौत हो जाने के बाद उपचुनाव कराया जा रहा है इसमें पिछड़ा महिला वर्ग के लिए सीट सुरक्षित है। यहां कुल तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। 1987 कुल मतदाता यहां अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।